शान ठाकुर, पेटलावद अवैध शराब के संग्रहण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अमलवानी में एक रिहायशी मकान से 51 पेटी अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 2 लाख 7 हजार 504 रुपए बताया गया है। कार्रवाई के दौरान मकान में शराब रखने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी रविन्द्र मानिकपुरी के मार्गदर्शन में बुधवार 11 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर वृत्त पेटलावद ‘अ’ के ग्राम अमलवानी में दबिश दी गई। यहां एक रिहायशी मकान से देशी और विदेशी मदिरा की अलग-अलग ब्रांड की कुल 51 पेटियां बरामद हुईं। इनमें देशी मसाला शराब की 11 पेटी, देशी प्लेन की 3 पेटी, माउंट 6000 कैन बीयर की 10 पेटी, बोल्ट कैन बीयर की 15 पेटी, बोल्ट बोतल बीयर की 4 पेटी, हंटर प्रीमियम बीयर की 1 पेटी सहित बीकार्डी लेमनेड, बैगपाइपर, पोलैंड प्राइड और लंदन प्राइड व्हिस्की शामिल हैं। आबकारी विभाग ने कुल 520.8 बल्क लीटर मदिरा विधिवत जब्त की। मामले में कमलेश पिता सुरजिया डामोर, निवासी अमलवानी, थाना रायपुरिया के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 एवं संशोधित अधिनियम 2000 की धारा 34(1)(क) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और मामले की विवेचना जारी है। इनकी रही अहम भूमिका: कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेमसिंह परमार द्वारा की गई। टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक कुंवरसिंह डावर, आरक्षक लालचंद गेहलोत, पंकज डोडियार एवं वाहन चालक दयाल मण्डोडिया का उल्लेखनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के संग्रहण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। Post navigation माही मुख्य बांध से 11 नवंबर को खुलेगा नहर का गेट, 110 गांवों को मिलेगा सिंचाई के लिए पानी माही बांध से छोड़ा गया नहर में पानी, 110 गांवों के किसानों को मिलेगी सिंचाई की सुविधा