चंद्रशेखर आजाद नगर चंद्रशेखर आजाद नगर के ग्राम सेजवाड़ा में आदिवासी समाज का पारंपरिक पर्व गाय गोहरी हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जोबट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सेना महेश पटेल शामिल हुईं। इस अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के किसान, ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। गाय गोहरी आदिवासी समाज की वर्षों पुरानी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने अपनी-अपनी मन्नतें उतारीं। मान्यता के अनुसार लोग अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने पर गाय गोहरी के दिन परंपरागत रूप से मन्नत उतारते हैं। कार्यक्रम में बैलों को रंग-बिरंगे वस्त्रों, मोर पंखों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बैलों को घुमाया गया। ग्रामीणों ने गाय और बैलों की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि गाय गोहरी हमारी आदिवासी संस्कृति, आस्था और वर्षों पुरानी परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। हमारी संस्कृति और परंपराएं ही हमारी पहचान हैं। उन्होंने कामना की कि समाज के गरीब, किसान एवं आदिवासी परिवारों के जीवन में सुख-समृद्धि आए, सभी परिवार प्रगति करें और क्षेत्र में खुशहाली बनी रहे। विधायक ने समस्त आदिवासी समाज एवं जिलेवासियों को गाय गोहरी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा जिले में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। Post navigation माउंट व्यू स्कूल में बनी 4 हजार वर्गफीट की विशाल रंगोली, दीपावली पर कला और एकता का दिया संदेश