भूपेंद्र नायक, पिटोल 

कल्याणपुर थाना अंतर्गत पुलिस चौकी अंतर्वेलिया के पास शुक्रवार (6 नवंबर 2026) सुबह करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंतर्वेलिया चौकी से कुछ दूरी पर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार चार पहिया वाहन (क्रमांक GJ 01 RJ 1465) ने आगे चल रहे दो पहिया वाहन को टक्कर मार दी।

इस हादसे में दो पहिया वाहन चालक 21 वर्षीय जॉनसन (पिता विल्सन मंडोडीया) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार अर्चना पति राहुल डामोर और राहुल पिता मंगा डामोर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए दाहोद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

आरोपी के घर शव रखकर किया प्रदर्शन

घटना के अनुसार, चार पहिया वाहन चालक मेघनगर की ओर जा रहा था, तभी उसने आगे चल रहे दो पहिया वाहन को टक्कर मार दी। पोस्टमार्टम के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण मृतक के शव को पिकअप वाहन में रखकर आरोपी वाहन मालिक के गांव छोटी पिटोल ले गए। वहां आरोपी के घर के बाहर शव रखकर परिजनों ने आर्थिक मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस की समझाइश और आश्वासन के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव ले जाने को राजी हुए।

आरोपी चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त

अंतर्वेलिया पुलिस चौकी प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल चार पहिया वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक विजय (पिता कालिया खराड़ी, निवासी छोटी पिटोल) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

“घटना अंतर्वेलिया चौकी क्षेत्र की थी, लेकिन आरोपी वाहन मालिक छोटी पिटोल का निवासी होने के कारण पिपलिया के ग्रामीण शव लेकर आरोपी के घर पहुंच गए थे। कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े, इसलिए मृतक के परिजनों को समझाइश देकर शव को अंतिम संस्कार के लिए पिपलिया रवाना कर दिया गया है।”

— अशोक बघेल, प्रभारी, पुलिस चौकी पिटोल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *