दिनेश वर्मा झाबुआ

भोपाल : देवास में अवैध शराब पकड़ने के दौरान पुलिस अधिकारी की मौत के मामले में मध्यप्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को पांच जिलों में फैले अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क को ध्वस्त करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री निवास पर मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में ड्रग्स माफिया, अवैध शराब कारोबार और संगठित अपराधों के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान की रणनीति भी तय की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2029 तक ड्रग्स माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई के संकल्प के अनुरूप मध्यप्रदेश में प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। इसके लिए पुलिस को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और मजबूत मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रदेश ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सफलता हासिल कर निर्धारित समय-सीमा में नक्सलवाद से मुक्ति पाई, उसी तरह ड्रग्स और संगठित अपराधों के खिलाफ भी निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब के परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए पूरे प्रदेश में एक साथ अभियान चलाया जाएगा।

*बलिदानी टीआई के परिवार को एक करोड़ और नौकरी*

देवास में अवैध शराब पकड़ने के दौरान जान गंवाने वाले टीआई दिलीप पुरी के परिवार को सरकार ने आर्थिक और रोजगार संबंधी सहायता देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी को उपनिरीक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने और परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिलीप पुरी ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान साहस और समर्पण का परिचय दिया। सरकार उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। घटना के बाद मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल को मौके पर भेजा गया था। स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को भी निर्देश दिए गए थे, जबकि उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी जवान के पिता से बात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

*राहुल जायसवाल गिरफ्तार, पांच जिलों में नेटवर्क की पड़ताल*

देवास शराब कांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अवैध शराब कारोबार के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। शराब परिवहन में इस्तेमाल ट्रक भी जब्त किया गया है। जांच में वाहन चालक गजेंद्र उर्फ अप्पू रावत और वाहन उपलब्ध कराने वाले किरण सिंह चंदोड की भूमिका सामने आई है। केरल सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। जिस जिले से अवैध शराब रवाना हुई थी, वहां के सहायक जिला अधिकारी अमर सिंह बघेल को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने डीजी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पूरे मामले की समीक्षा कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा है।

*दीपावली पर खतरनाक पटाखों से बचने की अपील*

मुख्यमंत्री ने दीपावली पर प्रदेशवासियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खतरनाक और विस्फोटक पटाखों से जान को गंभीर खतरा हो सकता है। इनके कारण आंखों की रोशनी भी जा सकती है। अभिभावक बच्चों को ऐसे पटाखों से दूर रखें और परिवार सहित आसपास के लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *