जितेंद्र वर्मा, जोबट

जिले में अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने जोबट क्षेत्र के ग्राम रंजीतगढ़ के बामनिया फलिया में कार्रवाई कर 120 पेटी अवैध शराब जब्त की है। इसमें बीयर की 100 पेटी और व्हिस्की पाव की 20 पेटी शामिल हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 1380 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 4 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है। मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है।

31 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बामनिया फलिया में तालाब किनारे बनी बसीर पिता घघराज बामनिया की टपरी में कुनसिंह ने अवैध शराब संग्रहित कर रखी है। सूचना पर आबकारी टीम ने पंचों की मौजूदगी में टपरी की तलाशी ली, जहां से शराब की 120 पेटियां बरामद हुईं। शराब की मात्रा 50 बल्क लीटर से अधिक होने के कारण उसे आबकारी विभाग ने जब्त कर लिया। यह कार्रवाई इंदौर संभाग उपायुक्त आबकारी इंदरसिंह जामोद एवं कलेक्टर नीतू माथुर के आदेशानुसार जिला आबकारी अधिकारी आरएस राय के निर्देश पर की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी गिलदार सिंह रावत के नेतृत्व में आबकारी उपनिरीक्षक मोहित बिरला ने कार्रवाई की। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक गंभीर सिंह वास्कले, प्रधान आरक्षक अमानुल्लाह खान, जोत सिंह मावी तथा आरक्षक कालू सिंह बघेल, गवरा ग्वार, विवेक, प्रवीण चौहान और मनीष शामिल थे। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध मदिरा और अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *