विजय मालवी, बड़ी खट्टाली दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को जिला अलीराजपुर व्यापारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में मंडी बोर्ड के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक (एमडी) राघवेंद्र सिंह से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें एमडी का पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी और प्रसन्नता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल में जिला व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश चौधरी (अलीराजपुर), संरक्षक रमेश मेहता (बड़ी खट्टाली), जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर चौधरी और शिवा वाणी आदि शामिल रहे। मुलाकात के दौरान संघ के अध्यक्ष राजेश चौधरी और संरक्षक रमेश मेहता ने एमडी को अलीराजपुर एवं जोबट की कृषि उपज मंडियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया तथा आवश्यक सुविधाओं की मांग की। बैठक के दौरान एमडी सिंह ने कहा कि वे अलीराजपुर जिले की भौगोलिक स्थिति और वहां के किसानों व व्यापारियों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। प्रतिनिधिमंडल ने एमडी से अनुरोध किया कि चूंकि वे पूर्व में अलीराजपुर के कलेक्टर रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में जिले में अनेक विकास कार्य हुए तथा किसानों की समस्याएं समय पर हल हुईं, इसलिए जिले के व्यापारी और किसान उनके एमडी बनने पर उनका सम्मान करना चाहते हैं। इस आमंत्रण पर मंडी बोर्ड के एमडी ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही इंदौर संभाग के दौरे पर आएंगे और उस दौरान अलीराजपुर जरूर पहुंचेंगे। व्यापारी संघ के जिलाध्यक्ष राजेश चौधरी ने बताया कि भौतिक लेखा सत्यापन को ऑनलाइन करने का आदेश जारी किया जा चुका है। इसकी प्रति सभी कृषि उपज मंडियों में भेजी जा रही है, जिससे जिले के व्यापारियों में हर्ष का माहौल है। इस बैठक और चर्चा की जानकारी व्यापारी संघ के संरक्षक रमेश मेहता ने दी। Post navigation उम्रदराज बुजुर्ग को अनोखे अंदाज में अंतिम विदाई; नाचते-गाते श्मशान पहुंचे ग्रामीण किसानों की 2 पानी की मोटरें चोरी, पाइप भी काटे, पुलिस चौकी में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग