भूपेंद्र नायक, पिटोल 

झाबुआ। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ झाबुआ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग 47 पर एक पिकअप वाहन से 2,724 बल्क लीटर अवैध बीयर जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में शराब और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन सहित कुल 19,46,376 रुपये का मश्रुका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया और एसडीओपी मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में कोतवाली थाने की पिटोल चौकी पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। 25 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धार की ओर से एक सफेद रंग के पिकअप वाहन (MP-09-KD-8020) में अवैध शराब भरकर पिटोल की तरफ लाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने हाईवे पर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से माउंट कंपनी की टिन बीयर से भरी 227 पेटियां बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 7,46,376 रुपये है। पुलिस ने शराब के साथ 12 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 46 के तहत अपराध क्रमांक 1019/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस अहम कार्रवाई में पिटोल चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अशोक बघेल, एएसआई सुरसिंग चौहान, आरक्षक कैलाश सोलंकी, कुबेर सोलंकी, गोपाल झनिया, नानुराम जर्मन और वाहन चालक आरक्षक अनसिंह भुरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *