विजय मालवी, बड़ी खट्टाली मंडी बोर्ड भोपाल में प्रबंध संचालक के पद पर आलीराजपुर के पूर्व कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की नियुक्ति के आदेश शासन द्वारा जारी होने पर जिले के व्यापारियों में प्रसन्नता की लहर है। जिला व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश चौधरी, उपाध्यक्ष जयंतीलाल राठौर, जिला कार्यसमिति के सदस्य नंदकिशोर गुप्ता, संरक्षक रमेश मेहता (खट्टाली) और जोबट व्यापारी संघ के अध्यक्ष बसंतीलाल वाणी ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि राघवेंद्र सिंह पूर्व में अलीराजपुर के जिला कलेक्टर रह चुके हैं। वे आलीराजपुर जिले की भौगोलिक स्थिति के साथ-साथ कृषकों और मंडियों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। उनके प्रबंध संचालक बनने से किसानों, व्यापारियों और जिले में संचालित मंडियों की परेशानियां शीघ्र हल होने की उम्मीद है। जिला संघ के अध्यक्ष राजेश चौधरी ने बताया कि जल्द ही आलीराजपुर जिले के व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भोपाल जाकर प्रबंध संचालक राघवेंद्र सिंह से भेंट करेगा और पूरे जिले के व्यापारियों की ओर से उन्हें बधाई प्रेषित करेगा। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के लिए जिला व्यापारी संघ ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना और कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है। व्यापारियों ने बताया कि राघवेंद्र सिंह आलीराजपुर जिले के व्यवसायिक परिवेश को अच्छी तरह समझते हैं और जिले के अनेक व्यापारियों के साथ उनके मधुर संबंध हैं। उक्त जानकारी व्यापारी संघ के संरक्षक रमेश मेहता ने दी। Post navigation बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान, बिना लोड के भी घंटों गुल हो रही बिजली