लोहित झामर, मेघनगर मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर, फुटतालाब में शारदीय नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ पूरे विधि-विधान और भक्तिमय वातावरण में हुआ। पावागढ़ और अंबाजी से ज्योत लाकर शुभ मुहूर्त में घटस्थापना की गई। माँ की महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और माँ के दर्शन कर पुण्य लाभ लिया। मेघनगर क्षेत्र के साथ पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखने वाले इस प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर नवरात्रि के पहले दिन से ही उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर समिति के सदस्यों, मंदिर के महंत दिलीपदास जी महाराज, समाजसेवी सुरेशचंद्र पूरणमल जैन, राजेश रिंकू जैन, श्रीमती सीमा जैन, जैकी जैन एवं परिवार द्वारा मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके बाद नवरात्रि महोत्सव समिति के सदस्यों ने भी माँ की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। माँ की महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब नवरात्रि महोत्सव के प्रथम दिन माँ की महाआरती में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने माँ के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु फुटतालाब पहुंचे। पहले दिन से ही आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। श्री गणेश स्तुति के साथ गरबा का आगाज महोत्सव में गरबा आयोजन की शुरुआत श्री गणेश स्तुति के साथ की गई। गरबा देखने और उसमें भाग लेने के लिए देर रात तक लोगों का पहुंचना जारी रहा। श्रद्धालुओं ने माँ के दर्शन के साथ गरबा कर भक्ति और उत्सव का आनंद लिया। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी माँ की प्रतिमा के लिए विशेष रूप से आकर्षक पांडाल तैयार किया गया है। आकर्षक विद्युत सज्जा और देवी-देवताओं का मनमोहक श्रृंगार मंदिर में विराजित श्रीराम भक्त हनुमान जी की प्रतिमा के साथ माँ अंबे, भोलेनाथ, श्री गणेश, माँ लक्ष्मी, माँ सरस्वती और श्री सांवरिया सेठ की प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर और पूरे आयोजन स्थल पर की गई आकर्षक विद्युत सज्जा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। पहले ही दिन बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने मंदिर की सजावट और आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की। शासन के नियमों के अनुरूप हो रहा आयोजन नवरात्रि महोत्सव समिति के सदस्यों ने बताया कि पूरा आयोजन शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जा रहा है। आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं से भी नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया है। महोत्सव को लेकर आयोजकों में अपार उत्साह है और आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। समाजसेवी सुरेशचंद्र जैन ने धर्मप्रेमी जनता से फुटतालाब पहुंचकर माँ के दर्शन करने, महाआरती में शामिल होने और गरबा महोत्सव का आनंद लेने का विनम्र आग्रह किया है। Post navigation सोशल मीडिया पर आरएसएस को आतंकवादी संगठन बताने वाली पोस्ट पर मामला दर्ज शारदीय नवरात्रि शुरू हुई, सज गए माता रानी के दरबार