बड़ी सिरखड़ी में गायत्री परिवार की मासिक गोष्ठी संपन्न, सोंडवा तहसील युवा प्रकोष्ठ का हुआ गठन

0

सोंडवा। गायत्री परिवार तहसील सोंडवा की तहसील स्तरीय मासिक गोष्ठी युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में गायत्री प्रज्ञा मंडल बड़ी सिरखड़ी में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समन्वयक संतोष वर्मा, युवा प्रकोष्ठ जिला संयोजक देवेन्द्र सिंह भयड़िया, नव चेतना विस्तार केंद्र प्रभारी कृष्णा सोलंकी, सरपंच झेतरा भाई, युवा प्रकोष्ठ जिला समिति सदस्य सोमसिंह डावर और पूर्व सरपंच धनिया भाई सहित अन्य अतिथियों ने देवपूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया।

कार्यक्रम में लालसिंह डोडवा, जतन चौहान एवं प्रभु भयड़िया ने प्रज्ञा गीत की प्रस्तुति दी। वहीं, अंतरसिंह तोमर ने नवयुग का संविधान फोल्डर का वाचन किया। स्वागत उद्बोधन अवलसिंह वास्केल ने दिया। मुख्य वक्ता जिला समन्वयक संतोष वर्मा ने कहा कि गायत्री माता हंस पर सवार हैं। हंस जिस प्रकार पानी को छोड़कर दूध ग्रहण करता है, उसी प्रकार हमें भी जीवन में उचित कार्यों को अपनाकर अनुचित कार्यों का त्याग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सतयुग के आगमन की तैयारी के लिए प्रत्येक परिजन को ध्यान, साधना एवं सत्कर्मों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। वर्मा ने मिशन के कार्यों को गति देने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने और विशेष रूप से युवाओं को संगठन से जोड़कर युवा मंडलों का गठन करने, सप्ताह में बाल संस्कार शाला चलाने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। गोष्ठी में युवाओं को संगठित करने एवं विभिन्न रचनात्मक अभियानों को गति देने के उद्देश्य से गायत्री परिवार सोंडवा तहसील युवा प्रकोष्ठ का गठन किया गया। इसमें निम्न पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए:

  • संयोजक: लालसिंह डोडवा

  • सह संयोजक: विकास तोमर

  • युवा जोड़ो अभियान: आकाश डावर

  • व्यसन मुक्ति अभियान: राकेश भयड़िया

  • वृक्ष गंगा अभियान: जयंती बामनिया

  • आदर्श ग्राम अभियान: नुरपसिंह डावर

  • बाल संस्कार शाला अभियान: सुखलाल नरगावा

  • घर-घर गायत्री यज्ञ अभियान: खेमजी वास्केल

  • जल शुद्धिकरण अभियान: बलराम डावर

नवनियुक्त युवा पदाधिकारियों को रामलाल (रुमालिया) तोमर ने मंगल तिलक लगाकर आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।

युवाओं से समाज जागरण में आगे आने की अपील
युवा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक देवेन्द्र सिंह भयड़िया ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को संगठित कर रचनात्मक कार्यों को गति देने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरण बढ़ाने की आवश्यकता है। गोष्ठी को रामलाल तोमर और कृष्णा सोलंकी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन तहसील समन्वयक इंग्लेश तोमर ने किया, जबकि आभार भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के तहसील संयोजक कमलसिंह सोलंकी ने माना। गोष्ठी में विभिन्न प्रज्ञा मंडलों, महिला मंडलों और युवा मंडलों के कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। अंत में समाज में संस्कार, सेवा, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण एवं व्यसनमुक्ति जैसे अभियानों को व्यापक स्तर पर संचालित करने का संकल्प लिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.