गांधी जयंती पर आम्बुआ ग्राम सभा में 8 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

0

मयंक विश्वकर्मा, आम्बुआ

2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत आम्बुआ में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव की स्वच्छता, सार्वजनिक सुविधाओं, भवनों के उचित उपयोग और शासकीय भूमि से कब्जे हटाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई प्रस्ताव रखे गए।

ग्राम सभा में न्यू बस स्टैंड पर बने सामुदायिक भवन को पंचायत द्वारा खाली करवाने, प्राथमिक शाला भवन के शौचालयों की साफ-सफाई करवाने तथा मेन रोड से मुक्तिधाम और कब्रिस्तान के पास पुलिया का निर्माण करवाने का प्रस्ताव लिया गया। इसके साथ ही पंचायत के खाली पड़े भवनों को खाली करवाकर पंचायत के कब्जे में लेने, आम्बुआ की नालियों को व्यवस्थित करवाकर उन पर जालियां लगवाने का निर्णय लिया गया। पुराना बस स्टैंड पर वर्षों से खाली पड़े सब्जी टीन शेड को व्यवस्थित कर शेड डलवाकर उपयोग में लेने का प्रस्ताव भी ग्राम सभा में रखा गया।

ग्राम सभा में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का भी प्रस्ताव लिया गया। वहीं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर कड़ा निर्णय लेते हुए प्रस्ताव रखा गया कि यदि कस्बे में कोई व्यक्ति किसी के घर के सामने कचरा फेंकते हुए पाया जाता है तो पंचायत द्वारा 500 का जुर्माना लगाया जाएगा। बैठक में गांव की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, सार्वजनिक स्थानों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

ग्राम सभा में उपस्थित: सरपंच रमेश रावत, उपसरपंच थानसिंह भयड़िया, सचिव उज्जवल चौहान, वरिष्ठ पत्रकार जगराम विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष भरत कुमार माहेश्वरी, पंच सिराज खान, शेख मुला मोहम्मद हुसैन, शाहिद कुरैशी, विजय रावत, , राजू सोलंकी, इंदर सिंह सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अन्य पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.