सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर में विकास कार्यों का शुभारंभ

0

लोहित झामर, मेघनगर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कृष्णा फास्केम लिमिटेड के सौजन्य से सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत स्वास्थ्य केंद्र में मरम्मत, शौचालय, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
कंपनी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों की जिम्मेदारी ली गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। कंपनी की इस पहल का स्थानीय ग्रामीणों एवं नगरवासियों ने स्वागत करते हुए इसे जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।


स्वस्थ नागरिकों से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव : एसडीएम प्रधान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुविभागीय अधिकारी अवधति प्रधान ने कहा कि स्वस्थ नागरिकों से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। कृष्णा फास्केम लिमिटेड द्वारा सीएसआर के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किए जा रहे विकास कार्य एक सराहनीय पहल हैं। उन्होंने कंपनी द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों एवं नगरवासियों से भी विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
जन-जन का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता : डॉ. विनोद नायक
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद नायक ने कहा कि जन-जन का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कृष्णा फास्केम लिमिटेड द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के विकास के लिए किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कंपनी का आभार व्यक्त किया।
CSR के तहत पूर्ण सहयोग का भरोसा
कार्यक्रम में कृष्णा फास्केम लिमिटेड की ओर से उपस्थित मनहर जिनवाल ने कहा कि कंपनी सीएसआर के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर में आवश्यक मरम्मत एवं अन्य विकास कार्यों के लिए पूर्ण सहयोग करेगी। उन्होंने भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों में सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में तहसीलदार विजयकांत पांडे, खंड विस्तार प्रशिक्षक अभिषेक बिलवाल, खंड कार्यक्रम प्रबंधक अनिल बिलवाल, प्रदीप नायक, दीपक परमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, ग्रामीण एवं नगरवासी मौजूद रहे। वहीं कृष्णा फास्केम लिमिटेड की ओर से मनहर मन्नाल, हेमंत शर्मा, गिरिराज समदानी एवं दीपेश भट्ट उपस्थित रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में होने वाले इन विकास कार्यों को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इन कार्यों के पूर्ण होने से स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों एवं उनके परिजनों को सुविधाओं में और अधिक सुधार मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.