महीनों से सरकारी राशन का इंतजार; राशन की आस में खाली हाथ लौट रहे ग्रामीण, कई परिवारों के सामने खाने का संकट

0

विजय मालवी, बड़ी खट्टाली

बड़ी खट्टाली स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था की उचित मूल्य दुकान से कई महीनों से नियमित राशन नहीं मिलने की शिकायत सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक मई और जून माह में उन्हें समय पर राशन नहीं मिला। इसके बाद जुलाई और अगस्त में पिछले महीनों का राशन मिलने की जानकारी सामने आई, लेकिन इसमें भी कई उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल पाने की बात ग्रामीणों ने कही है। अब सितंबर माह में भी राशन नहीं मिलने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, सरकारी राशन पर निर्भर परिवारों के लिए समय पर अनाज नहीं मिलना बड़ी परेशानी बन गया है। कई परिवारों को घर का खर्च चलाने के लिए बाजार से महंगे दाम पर अनाज खरीदना पड़ रहा है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि राशन के लिए बार-बार दुकान के चक्कर लगाने से उनका समय और आने-जाने का खर्च भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पात्र उपभोक्ताओं को उनके लंबित राशन का लाभ दिलाया जाए और आगे हर माह समय पर राशन का वितरण सुनिश्चित किया जाए।

प्रबंधक बोले – शासन स्तर से नहीं हुआ आवंटन….

उचित मूल्य दुकान बड़ी खट्टाली के प्रबंधक केरूसिंह गाडरिया ने बताया कि दो-तीन माह का राशन शासन स्तर से आवंटित नहीं हुआ था, इसलिए उसका वितरण नहीं किया जा सका। सितंबर माह का आवंटन भी शून्य रहा। पहले के स्टॉक के कारण पीओएस मशीन में स्टॉक दर्ज था, जिसके चलते आवंटन प्रभावित हुआ। अब अक्टूबर माह का आवंटन जारी हुआ है, जिसका वितरण अक्टूबर माह में किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.