मन की बात सुनने के बाद मंत्री नागरसिंह चौहान ने किया ग्रामीण क्षेत्र का दौरा, कई गांवों में विद्युत डीपी का किया लोकार्पण

0

आलीराजपुर। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने रविवार को मॉडल स्कूल छात्रावास, उमराली रोड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इसके पश्चात उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों का प्रवास कर विभिन्न ग्रामों एवं फलियों में विद्युत डीपी का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया।

मंत्री नागरसिंह चौहान ने अपने प्रवास के दौरान 6 विद्युत डीपी का लोकार्पण किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री  चौहान ने ग्राम गव्हानं में दो फलीयो में होली फलिया एवं पुूजार फलिया, ग्राम रोडधा, ग्राम गिलझीरी के बयड़ी फलिया, ग्राम जावानिया के बुड़नला फलिया तथा ग्राम इन्डू के पटेल फलिया में पहुंचकर विद्युत डीपी के कार्यों का शुभारंभ किया।

इन विद्युत डीपी के प्रारंभ होने से ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत वितरण व्यवस्था और बेहतर होगी तथा कम वोल्टेज की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। पर्याप्त एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति मिलने से किसानों को सिंचाई के लिए खेतों में पानी देने में सुविधा होगी, वहीं ग्रामीण परिवारों के बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंत्री चौहान का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों के अंतिम छोर तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देना है। उन्होंने शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष सुरेश सस्तीया, कमरू अजनार सरपंच निरंजन पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.