शिक्षा से आत्मनिर्भर सप्ताह के अंतर्गत गुड़िया निर्माण प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों का लिया मूल्यांकन टेस्ट, कलाकृतियों ने मोहा मन

0

झाबुआ। शारदा विद्या मंदिर बिलिडोज हिंदी माध्यम विद्यार्थियों के लिए आयोजित विशेष गुड़िया प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों के हुनर को परखने के लिए एक गुड़िया निर्माण टेस्ट (मूल्यांकन परीक्षा) का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता और टेस्ट में प्रशिक्षण लेने वाले सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

इस अवसर पर पद्मश्री शांति रमेश परमार ने विशेष रूप से उपस्थित होकर विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई गुड़ियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को गुड़िया निर्माण की बारीकियों, फिनिशिंग और पारंपरिक व आधुनिक कला के मिश्रण को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। टेस्ट के दौरान विद्यार्थियों ने सूती कपड़े, धागे, रूई और विभिन्न सजावटी सामग्रियों का उपयोग करके बेहद आकर्षक और जीवंत गुड़िया का निर्माण किया। प्रशिक्षकों के पैनल द्वारा विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सफाई और प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।शारदा समूह के संचालक,शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सहसंयोजक एवं आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय संयोजक ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक कौशल (Creative Skills) का विकास करना और उन्हें हस्तशिल्प के क्षेत्र में नए अवसरों से परिचित कराना था। विद्यार्थियों के कौशल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण न सिर्फ आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक शिल्पकला को भी जीवित रखते हैं। आप अपनी सोच और मेहनत से किसी भी साधारण चीज़ को असाधारण बना सकते हैं। इसी तरह सीखते रहिए, नए प्रयोग करते रहिए और देश की उन्नति में अपना योगदान देते रहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.