तीन दिन से लापता युवती का शव कुएं में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

0

संजय गांधी, बोरी

क्षेत्र के ग्राम सुड़ी बड़ी में उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन दिनों से लापता एक 19 वर्षीय युवती का शव गांव के ही एक निजी कुएं से बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने युवती की हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान अनीता (19 वर्ष), पिता मेहरसिंह डावर, निवासी ग्राम सुड़ी बड़ी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अनीता तीन दिन पूर्व गांव में स्थापित गणेश जी के पंडाल में दर्शन व आरती के लिए गई थी, जिसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों तथा रिश्तेदारों के यहां उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका था।

आज सुबह ग्रामीणों ने गांव के एक निजी कुएं में शव तैरता देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। परिजनों द्वारा शव की पहचान अनीता डावर के रूप में की गई।

शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि युवती की हत्या कर शव को छुपाने की नीयत से कुएं में फेंका गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की सघन जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.