राजेंद्र सूरी  मसा की जन्म शताब्दी पर पारा नगर में तपस्या का दौर जारी

0

पारा। राजेंद्र सूरी जी म.सा. की जन्म शताब्दी के पावन अवसर पर पुण्य सम्राट आचार्य श्री जयंत सेन सूरी जी महाराज साहब की दिव्य आशीष तथा वर्तमान आचार्य नित्यसेन सूरीजी एवं श्री जयरत्न सूरी म.सा. के आशीर्वाद से पारानगर में साध्वी श्री अनुपम दृष्टा श्रीजी महाराज साहब की प्रेरणा से तपस्या का दौर जारी है।

इसी क्रम में पारानगर में विभिन्न तपस्याएं पूर्ण करने वाले तपस्वियों के सम्मान एवं तप अनुमोदना के लिए भव्य शोभायात्रा एवं पारणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 36 उपवास के 2, 31 उपवास के 4, सिद्धि तप के 16, गुरु तप के 54 तथा 8 उपवास के 20 तपस्वियों ने तपस्या कर धर्मलाभ लिया। पारणा पंचमी के संपूर्ण दिवस का लाभ चातुर्मास आयोजन भंडारी एवं व्होरा परिवार द्वारा लिया गया। वहीं अगले दिन आयोजित नवकारसी एवं स्वामी वात्सल्य का लाभ सिद्धि तप के तपस्वी परिवार द्वारा लिया गया।

विभिन्न शहरों से पहुंचे गुरु भक्त

कार्यक्रम में आसपास के नगरों सहित सूरत, झाबुआ, राजगढ़, राणापुर, मेघनगर, रतलाम, इंदौर, उज्जैन, धार सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में गुरु भक्त एवं समाजजन शामिल हुए। तपस्वियों की शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक तप की अनुमोदना की। इसी क्रम में कल्प गौरव छाजेड़ के सिद्धि तप के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश छाजेड़ एवं छाजेड़ परिवार की ओर से भी भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और तपस्वियों के तप की अनुमोदना की।

जनप्रतिनिधियों एवं समाज पदाधिकारियों की रही गरिमामय उपस्थिति

कार्यक्रम में तप अनुमोदना के लिए विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, लोकसभा सांसद अनीता नागरसिंह चौहान, महिला परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमाबेन मुथा, सूरत से राहुल भाई देसाई, तरुण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदित्य धोखा तथा मध्यप्रदेश इकाई की अध्यक्ष सारिका कोलन सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान तपस्वियों का सम्मान कर उनके तप की अनुमोदना की गई। धार्मिक वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने साध्वी श्री अनुपम दृष्टा श्रीजी महाराज साहब की प्रेरणा एवं गुरु भगवंतों के आशीर्वाद का लाभ लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश तलेसरा ने किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.