शासकीय भूमि पर अवैध खनन, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

0

आलीराजपुर। ग्राम अमनकुआ, विकासखंड चंद्रशेखर आजाद नगर के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर से लंबे समय से हो रहे पत्थर एवं मुरम के उत्खनन को लेकर कलेक्टर अलीराजपुर को जनसुनवाई में आवेदन सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार अमनकुआ स्थित शासकीय भूमि पर खनन गतिविधियां संचालित होने का आरोप है। आवेदन में बताया गया है कि सर्वे नंबर 260 की भूमि पर करीब 8 वर्षों से पत्थर एवं मुरम का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार खनन के चलते क्षेत्र में कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश के दौरान पानी भरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने आवेदन में खनन कार्य के दौरान धूल, प्रदूषण और ब्लास्टिंग से आसपास के लोगों को हो रही परेशानी का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि भारी मशीनों के संचालन एवं ब्लास्टिंग से आसपास के घरों में कंपन महसूस होता है। वहीं खनन क्षेत्र के आसपास की कृषि भूमि तथा बोर एवं नलकूपों के जलस्तर पर भी असर पड़ने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित कर ईटीएस मशीन से खनन क्षेत्र का सर्वे कराया जाए। साथ ही खनन क्षेत्र की वीडियोग्राफी कराकर वास्तविक उत्खनन की मात्रा का आकलन किया जाए।

ग्रामीणों ने मांग की है कि शासकीय भूमि पर हुए कथित उत्खनन की जांच के साथ खनन की अनुमति एवं संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जाए। यदि जांच में अवैध अथवा नियम विरुद्ध उत्खनन पाया जाता है तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शासन को देय राजस्व एवं रॉयल्टी की वसूली सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र स्थल निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर बताए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.