पेटलावद। वीर शिरोमणि हिंदुआ सूरज महाराणा प्रताप की वीरता, शौर्य और स्वाभिमान की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से पेटलावद में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को नए बस स्टैंड क्षेत्र में नगर परिषद द्वारा प्रस्तावित भूमि पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना हेतु विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि एवं समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में करणी सेना परिवार के संभाग अध्यक्ष महेंद्र सिंह झकनावदा उपस्थित रहे। उनकी अगुवाई में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश गामड़, वार्ड पार्षद मुकेश परमार, वार्ड क्रमांक 08 की पार्षद श्रीमती ममता गुजराती सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। सभी ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना के लिए प्रस्तावित स्थल पर भूमि पूजन कर प्रतिमा स्थापना के संकल्प को आगे बढ़ाया।
