जनजाति विकास मंच सोंडवा ने आयोजित किया प्रतिभा सम्मान समारोह

0

​सोंडवा। जनजाति विकास मंच सोंडवा द्वारा आयोजित ‘जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह’ गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में ब्लॉक के सभी 18 विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा, डॉ. भीमराव अंबेडकर, भारत माता एवं अमर शहीद छितू किराड़ जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गान किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सोंडवा की अनुविभागीय अधिकारी (SDM) श्रीमती सविता चौहान, विशेष अतिथि के रूप में आलीराजपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हज़री बाई खरत एवं तहसीलदार श्री हीरालाल एसके उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता पेसा एक्ट (PESA Act) के जिला समन्वयक श्री प्रवीण कुमार चौहान रहे।


सविता चौहान (SDM) ने जनजाति विकास मंच के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दूरदराज के सभी 18 विद्यालयों से प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर सम्मानित करना अत्यंत सराहनीय और कठिन कार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए अपना लक्ष्य तय करना बेहद जरूरी है। हीरालाल एसके (तहसीलदार) ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज के विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार होता है और वे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होते हैं। प्रवीण कुमार चौहान (मुख्य वक्ता) ने जनजाति समाज की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन अनिल बामनिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन गोविन्द भयडिया द्वारा किया गया। ​समारोह को सफल बनाने में पंकज डावर, विक्रम सस्तीया, हिरमल नरगांव, वीरेंद्र खरत सहित संस्था के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.