कच्चे झोपड़ों में चल रहीं आंगनवाड़ियां, बिना शौचालय के स्कूलों में खुले में जाने को मजबूर बच्चे

0

आलीराजपुर। आदिवासी क्षेत्र के शासकीय स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों की जमीनी स्थिति सामने लाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता नितेश अलावा एवं टीम मिशन D3 द्वारा गांव-गांव पहुंचकर जर्जर भवनों, टपकती छतों, पेयजल, शौचालय एवं मध्यान्ह भोजन की व्यवस्थाओं की फोटो-वीडियो जुटाई जा रही है।

पिछले दिनों की सार्वजनिक अपील के बाद ग्रामीणों से कई फोन, फोटो एवं वीडियो प्राप्त हुए हैं। इनकी सूची तैयार कर शीघ्र ही संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को सौंपकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

नितेश अलावा ने बताया कि ग्राम थाना सेमली, पटेल फलिया में आंगनवाड़ी भवन नहीं होने से बच्चों को छोटे कच्चे झोपड़ेनुमा स्थान में बैठाया जा रहा है। दीपा की चौकी में भवन मरम्मत की जरूरत है, जबकि एक स्थान पर नवीन भवन की आवश्यकता है। किला जोबट में आंगनवाड़ी जर्जर है तथा चमार बेगड़ा, पांच इमली में वर्षों से भवन की मांग लंबित है। इसी तरह टिखोला, सिलोटा, पुवासा, काठीवाड़ा एवं भाबरा ब्लॉक में भी कई भवन चिन्हित किए गए हैं, जिनकी तत्काल मरम्मत आवश्यक है।

पेयजल और शौचालय की स्थिति भी चिंताजनक

टीम ने स्कूलों में पेयजल व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। शासन द्वारा लगाए गए कई वाटर टैंक एवं पेयजल शेड आज तक नियमित रूप से चालू नहीं हुए। वहीं चुनिंदा स्कूलों को छोड़कर कई स्थानों पर बच्चों के लिए उपयोग योग्य शौचालय तक उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण बच्चे खुले में जाने को मजबूर हैं।

मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता को लेकर भी ग्रामीणों एवं टीम द्वारा सवाल उठाए गए हैं। नितेश अलावा ने कहा कि “एक अनपढ़ मां भी जानती है कि उसके बच्चे का स्कूल सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त होना चाहिए। फिर जिम्मेदार अधिकारी सब जानते हुए भी मौन क्यों हैं?” उन्होंने प्रशासन से स्वतः संज्ञान लेकर स्कूलों एवं आंगनवाड़ियों का भौतिक निरीक्षण, जर्जर भवनों की मरम्मत/नवीन भवन निर्माण, पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था दुरुस्त करने तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।

“बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद होना चाहिए। आदिवासी क्षेत्र के बच्चों को भी सुरक्षित भवन, स्वच्छ पानी, शौचालय, पौष्टिक भोजन और बेहतर शिक्षा का समान अधिकार है।” और उसके लिए उनकी पूरी टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर वस्तुस्थिति से अवगत करवा रही है जिसमे छात्र संघ नीयू के जिलाध्यक्ष सुमसिंह रावत जिला मीडिया प्रभारी रितु लोहार ब्लॉक अध्यक्ष संजय भूरिया ब्लॉक स्तर पर नीलेश डावर,मालसिंह तोमर,संपत धाकड़,दिलीप बामनिया मनोज डामोर सरदार परमार सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय होकर सूची तैयार कर रहे है जिसे जल्दी ही प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सौपी जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.