दिनेश वर्मा, झाबुआ
भोपाल। ‘हम प्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्टेडियम बनाने वाले हैं। हमने खेल की सभी विधाओं को लाकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा रहा है। हम भी उनके इस संकल्प के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। मध्यप्रदेश भी उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि 18 खेलों में से 11 खेल अकादमियां राज्य में संचालित हैं। सरकार खेलों को लगातार प्रोत्साहित करेगी।’ यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 अगस्त को भोपाल के बोट क्लब पर कही। वे 16 अगस्त को राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैम्पियनशिप-2026 के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम को खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के बाद खेलों पर जो ध्यान दिया जाना चाहिए था, वो नहीं दिया गया। आजादी से पहले मेजर ध्यानचंद ने ऐसा खेल दिखाया किअंग्रेजों को लगा कि उनकी हॉकी में चुंबक लगा है। बॉल उनकी हॉकी से बाहर ही नहीं जाती थी। एक बार हिटलर ने कहा था कि उनकी हॉकी चेक करो। उन्होंने कहा कि आज बदलते दौर में मध्यप्रदेश रिकॉर्ड बना रहा है। ओलंपिक-एशियाड-कॉमनवेल्थ, सभी में मध्यप्रदेश का योगदान जरूर होता है। उन्होंने कहा कि तीन पहले तक हमारा स्थान 14-15वां आता था, अब हम तीसरे स्थान तक आ गए हैं।
