मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत मेघनगर में आयोजित हुआ जन-विश्वास शिविर

0

लोहित झामर, मेघनगर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत आज मेघनगर में महिला एवं बाल विकास मंत्री  निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनसंवाद, उद्यम संवाद, हितग्राहियों को ऋण एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण तथा जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों, मीडिया के साथ संवाद किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात स्कूली छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री  निर्मला भूरिया ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ आम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने और आमजन की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ आमजन से संवाद करना चाहिए। जन-विश्वास अभियान के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनने और उनका निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत गत शुक्रवार को पेटलावद से हुई थी और आज मेघनगर में दूसरा शिविर आयोजित किया गया है।

मंत्री  भूरिया ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को अभियान के तहत जिले में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के साथ ही शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचाना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि जिले में मंत्री  निर्मला भूरिया के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का यह दूसरा शिविर आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। जब तक अधिकारी गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों से संवाद नहीं करेंगे और उनकी समस्याओं को नहीं सुनेंगे, तब तक जन-विश्वास को और मजबूत नहीं किया जा सकता। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को जन-विश्वास अभियान दिवस के रूप में आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि शुक्रवार को जिले में अनावश्यक बैठकें आयोजित नहीं की जाएंगी, बल्कि अधिकारी-कर्मचारी गांवों तक पहुंचकर शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में आम नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 22 आवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें शासकीय अस्पताल मेघनगर के लंबित बिलों के भुगतान, वार्ड क्रमांक 13 में पुलिया निर्माण, विद्युत तारों को व्यवस्थित करने, वार्ड क्रमांक 13, 14 एवं 15 में पेयजल समस्या के समाधान, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्त, उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में सेवाओं में पुनः बहाली तथा शराब ठेके का स्थान परिवर्तन सहित अन्य आवेदन शामिल रहे।

शासकीय अस्पताल मेघनगर में फोटोकॉपी, कंप्यूटर जॉब वर्क एवं अन्य कार्य करने वाले आवेदक श्री रोहित पिता श्री एम.एल. औझा ने विगत दो वर्षों से लंबित बिलों के भुगतान के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मेघनगर के वार्ड क्रमांक 13, 14 एवं 15 के रहवासियों द्वारा पुलिया निर्माण, पुराने एवं जमीन को छू रहे विद्युत तारों को ऊंचा करने तथा पेयजल समस्या के समाधान के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस पर नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

वार्ड क्रमांक 13 निवासी अनसिंग पिता भीला वसुनिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित द्वितीय किश्त का भुगतान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार रमेश कटारा, श्री गोपाल सिंगाड़, कांजी भाबर, श्री शंकरदास पणदा, श्री कमलेश डामर सहित अन्य आवेदकों द्वारा उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में पूर्व पदस्थापना पर पुनः सेवा में लिए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस पर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत बेड़ावली के पंचों द्वारा वार्ड क्रमांक 13 मेन रोड (सहारा कॉलोनी) में प्रस्तावित शराब ठेके के स्थान परिवर्तन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन में बताया गया कि प्रस्तावित स्थान के समीप बालिका छात्रावास एवं सेंट अर्नाल्ड स्कूल सहित रहवासी क्षेत्र स्थित है। इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित हितग्राही संवाद में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर श्री मरिया गणावा, शारदा बारिया, मनीषा बारिया, नीरज शर्मा एवं वालचंद पिता गेंदिया चौहान ने संवाद किया और शासन की योजनाओं से मिले लाभ एवं अपने अनुभवों की जानकारी दी।
मंत्री निर्मला भूरिया द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत दिलीप तगेरिया, श्री शोहेब दुर्वेश एवं सवेश खान, भगवान बिरसा मुंडा योजना के अंतर्गत भुरू सिंघाड़ एवं पप्पू हटिला, शारदा चौहान तथा पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत श्री हिरालाल परमार को डेमो चेक प्रदान किए गए।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत अजय पांचाल, टंट्या मामा योजना के अंतर्गत प्रियंका परमार, भगवान बिरसा मुंडा योजना के अंतर्गत थावरिया मचार तथा पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत सुनीता डामोर, सजनी बाई, भूमिका एवं मुकेश बसोड़ को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक  देवेन्द्र पाटीदार द्वारा स्कूली बच्चों को लर्निंग लाइसेंस भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर अवनधती प्रधान सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान तथा आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.