झाबुआ। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुधवार को जिला अस्पताल परिसर से सघन जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। आमजन को HIV/AIDS के प्रति जागरूक करने, भ्रांतियों को दूर करने और समय पर जांच व उपचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पैदल एवं वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एम. एल. चोपड़ा तथा सिविल सर्जन डॉ. एम. एल. मालवीय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह पैदल रैली जिला चिकित्सालय परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों मेन चौराहा, राजवाड़ा और बस स्टैंड से होते हुए वापस जिला अस्पताल पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में शामिल स्वास्थ्यकर्मियों और प्रतिभागियों ने हाथों में बचाव व रोकथाम के संदेश वाली तख्तियां थाम रखी थीं।
*वाहन रैली से किया प्रसार*
जिला अस्पताल परिसर से सीएमएचओ डॉ. एम. एल. चोपड़ा एवं जीवन ज्योति हेल्थ सर्विस झाबुआ के जिला संचालक फादर पी. ए. थॉमस ने हरी झंडी दिखाकर विशेष वाहन रैली को रवाना किया। फादर थॉमस ने कहा कि एचआईवी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और सामाजिक झिझक को तोड़ना बेहद जरूरी है। यदि सही समय पर जांच होकर संक्रमण का पता चल जाए तो नियमित उपचार (ART) की मदद से मरीज पूरी तरह से सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकता है। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस वाहन रैली में “डरना नहीं समझना होगा, तभी एड्स से बचना होगा” और “एड्स का ज्ञान, बचाए जान” जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से आम जनता को सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
*दो माह तक चलेगा प्रचार-प्रसार*
नोडल अधिकारी डॉ. जितेन्द्र बामनिया एवं DHO डॉ. देवेंद्र भायल ने बताया कि यह सघन अभियान 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक निरंतर संचालित किया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायतों और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आईसीटीसी काउंसलर वाजिद कुरैशी और हीरालाल मंडलोई ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज से भ्रांतियों को खत्म कर लोगों को बिना किसी संकोच के समय पर जांच और इलाज कराने के लिए प्रेरित करना है।
