हरिराम गेहलोत हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

0

पेटलावद। पेटलावद थाना क्षेत्र में हरिराम गेहलोत की हत्या के सनसनीखेज मामले का झाबुआ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक आरोपी अर्जुन उर्फ राजू तथा एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। वहीं प्रकरण का मुख्य आरोपी देवा सिंगाड़ निवासी संजय कॉलोनी, राजगढ़, जिला धार अभी फरार बताया गया है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार 2 अगस्त 2026 की रात फरियादिया भुलीबाई, उम्र 42 वर्ष, निवासी अटल बस्ती पेटलावद ने थाना पेटलावद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके परिचित हरिराम गेहलोत, निवासी धुलेट, जिला धार के साथ देवा सिंगाड़ तथा उसके साथियों द्वारा गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। मारपीट में हरिराम गेहलोत को गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मृत्यु हो गई। मामले में पेटलावद थाने पर अपराध क्रमांक 349/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से मचा था हड़कंप

पुलिस के अनुसार घटना की गंभीरता इस वजह से भी बढ़ गई थी कि कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो के माध्यम से पेटलावद शहर सहित राजगढ़ और धुलेट क्षेत्र में भय एवं दहशत का वातावरण निर्मित करने का प्रयास किया गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जांच में सामने आया मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी देवा सिंगाड़ के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस के मुताबिक देवा सिंगाड़ थाना राजगढ़ क्षेत्र का आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है तथा उसके विरुद्ध पूर्व में कुल 13 अपराध पंजीबद्ध होना पाए गए हैं।

एसपी ने खुद किया घटनास्थल का निरीक्षण

निर्मम हत्या की गंभीरता को देखते हुए झाबुआ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, एसडीओपी पेटलावद अनुरक्ति सावनानी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पेटलावद निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम द्वारा निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास तेज किए।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

पुलिस टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए प्रकरण के आरोपी अर्जुन उर्फ राजू को गिरफ्तार किया तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने मामले में घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, हथियार एवं कपड़े भी जब्त किए हैं।

मुख्य आरोपी देवा सिंगाड़ की तलाश जारी

हरिराम गेहलोत हत्याकांड का मुख्य आरोपी देवा सिंगाड़ फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है और पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब यह साफ हो गया है कि हरिराम गेहलोत हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों तक पहुंच बना ली है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए अगली बड़ी चुनौती बनी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.