झाबुआ। शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ में भारतीय स्त्री शक्ति,के इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विवाह पूर्व मानसिक, सामाजिक, भावनात्मक एवं स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं के प्रति जागरूक करना तथा सफल एवं संतुलित वैवाहिक जीवन के लिए आवश्यक जीवन मूल्यों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए कहा कि स्त्री और पुरुष जीवनरूपी रथ के दो पहिए हैं। जब दोनों परस्पर विश्वास, सम्मान, सहयोग और समझदारी के साथ जीवन यात्रा तय करते हैं, तभी परिवार और समाज मजबूत बनता है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विवाह पूर्व आवश्यक जीवन कौशल, जिम्मेदारियों तथा वैवाहिक जीवन की वास्तविकताओं से अवगत कराना है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सकारात्मक एवं परिपक्वता के साथ सामना कर सकें।
