पेटलावद हत्याकांड: सिर्वी समाज के समर्थन में उतरा करणी सेना परिवार, सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

0

शान ठाकुर, पेटलावद
शहर की अटल बस्ती में हुए चर्चित हत्याकांड को लेकर अब सामाजिक संगठनों का समर्थन लगातार बढ़ता जा रहा है। सिर्वी समाज द्वारा निकाले गए पैदल मार्च और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद अब करणी सेना परिवार भी खुलकर पीड़ित परिवार के समर्थन में सामने आया है।
करणी सेना परिवार के संभाग अध्यक्ष महेंद्र सिंह झकनावदा ने कहा कि पेटलावद में हुई यह घटना बेहद दुखद और मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि करणी सेना परिवार इस मामले में सिर्वी समाज एवं सर्व समाज के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।

महेंद्र सिंह झकनावदा ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम पूरी सख्ती से करे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

“न्याय नहीं मिला तो होगा आंदोलन”
संभाग अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो करणी सेना परिवार आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि संगठन न्याय की इस लड़ाई में पीछे नहीं हटेगा और आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

बढ़ रहा सामाजिक समर्थन
गौरतलब है कि हत्याकांड के बाद पहले सिर्वी समाज ने पैदल मार्च निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की थी। अब करणी सेना परिवार के समर्थन से इस मामले में सामाजिक दबाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

उधर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.