जोबट दाल मिल परिसर के बाहर ई-टोकन व्यवस्था बंद होते ही खाद के लिए उमड़ा किसानों का सैलाब

0

जितेंद्र वर्मा जोबट

जोबट के दाल मिल परिसर स्थित खाद वितरण केंद्र पर सोमवार को ई-टोकन व्यवस्था बंद होने के बाद बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंचे। सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लग गईं और परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। कई किसानों ने आरोप लगाया कि घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल सकी, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसानों का कहना है कि ई-टोकन व्यवस्था के दौरान वितरण अपेक्षाकृत व्यवस्थित रहता था, लेकिन इसके बंद होने के बाद अव्यवस्था बढ़ गई है। समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों की कृषि गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

अधिकारियों का कहना है कि ई-टोकन व्यवस्था के दौरान खाद वितरण पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा था। लेकिन टोकन व्यवस्था बंद होने के बाद बड़ी संख्या में किसान एक साथ केंद्र पर पहुंचने लगे, जिससे भीड़ बढ़ गई। इसके बावजूद सभी पात्र किसानों को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराई जा रही है और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

फिलहाल केंद्र पर किसानों की भीड़ बनी हुई है और प्रशासन द्वारा स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.