नवगठित छात्र परिषद की शपथ और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

0

थांदला। संस्कार पब्लिक स्कूल में छात्र संगठन के समस्त पदाधिकारियों के चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अंतर्गत संपन्न हुए। मतदान द्वारा प्रीत पोरवाल हेड बॉय, काव्या राठौड़ हेड गर्ल, दिव्यान जैन वॉइस हेड बॉय, और टिशा राठौर वाइस हेड गर्ल के रूप में निर्वाचित हुए साथ ही सभी कक्षाओं के कक्षा प्रतिनिधि भी मतदान प्रक्रिया द्वारा ही निर्वाचित हुए। संस्कार, अनुशासन और कुशल नेतृत्व के लिए शपथ समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी एवं संकुल प्राचार्य स्वरूप नारायण श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अतिथि सत्कार के पश्चात मुख्य अतिथि ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए उन्हें विद्यालय की गरिमा, अनुशासन, ईमानदारी तथा कर्तव्यपालन का संकल्प दिलाया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय में सभी शिक्षक तो अपने कर्तव्य का पालन करते ही हैं परंतु विद्यार्थी को भी स्वनिर्माण, स्वावलंबन, कर्तव्य पालन एवं उत्तरदायित्व की भावना को मन में रखते हुए अध्ययन करना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों की अनुशासित सहभागिता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता की सराहना करते हुए इसे विद्यालय की संस्कारमय शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

डायरेक्टर श्रीयक कांकरिया ने कहा कि आज का दिन आप सभी छात्र परिषद के सदस्यों के लिए केवल सम्मान का नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व का भी दिन है। आपने जो शपथ अभी ली है, वह केवल शब्दों का उच्चारण नहीं, बल्कि अपने विद्यालय के प्रति अपने कर्तव्यों की सजगता का एक पवित्र संकल्प है।

प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्टूडेंट काउंसिल द्वारा आज ली गई शपथ

 महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आपके चरित्र, अनुशासन और उत्तरदायित्व का संकल्प है। मुझे विश्वास है कि आप सभी अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए विद्यालय के आदर्शों का पालन करेंगे और अपने आचरण से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई दी। चुनाव प्रक्रिया को और अधिक प्रेरणादायी बनाने के उद्देश्य से मतदान के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षकद्वय दिनेश डामोर एवं संजय कोठारी ने किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.