सरकारी मदद से महरूम अति-गरीबी में जीने को मजबूर परिवार, बीमारी से जूझ रही वृद्ध महिला

0

जितेंद्र वाणी नानपुर 

आलीराजपुर जिले के नानपुर में 78 वर्षीय वृद्ध महिला स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में रात-दिन चीख-पुकार करने को मजबूर है। जिले की कई स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से वृद्ध महिला तड़प रही है। महिला शांति बाई, पति स्वर्गीय अमनसिंह, निवासी कोटवाली फलिया की बहू रंगली गवाले ने बताया कि एक वर्ष से मेरी सास के पैर में सड़न लगने से वह रात-दिन तड़पती रहती हैं। इस महिला को वृद्धावस्था पेंशन भी नहीं मिलती है और न ही कोई सरकारी सहायता मिलती है। हम गांव से मांग-तांगकर जैसे-तैसे इनकी सेवा कर रहे हैं। बाजार से गोलियां लाकर देते हैं, तब तक ही थोड़ी राहत रहती है।

​इस महिला के पांच लड़के थे, जो सभी शांत (दिवंगत) हो चुके हैं। परिवारजनों को भी कोई सहायता नहीं मिल रही है। बहू रंगली ने बताया कि उसकी भी विधवा पेंशन नहीं मिलती है। उसके पति चौकीदारी करते थे, उनकी मौत होने के बाद भी उसके लड़के को कोई मदद नहीं मिल रही है। यह परिवार अति गरीबी में जीवन यापन करने को मजबूर है। इतना ही नहीं वृद्ध महिला शांतिबाई का एक बेटा भी था, जो चौकीदार करता था। लेकिन उसकी मौत के बाद उसके खाते में करीब 30 हजार रुपए है, लेकिन बैंक वाले अब तक उस राशि को नहीं निकालने दे रहे हैं। पत्नी रंगली गवाले ने बताया कि कई बार बैंक के चक्कर लगाए लेकिन बैंक राशि नहीं दे रही।

मामले में सीएमएचओ डॉ. राजेश अतुलकर ने कहा कि मुझे महिला के बारे में जानकारी नहीं है। महिला का एड्रेस मिलने पर वहां टीम पहुंचाकर उसका इलाज कराएंगे। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से जो भी हो सकेगा उसकी मदद करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.