पेटलावद में पाटीदार पैथोलॉजी लैब पर फिर स्वास्थ्य विभाग की दबिश

0

शान ठाकुर, पेटलावद

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एम.एल. चोपड़ा द्वारा गठित जिला स्तरीय जांच दल ने एक बार फिर पेटलावद स्थित पाटीदार पैथोलॉजी लैब पर आकस्मिक निरीक्षण किया। शिकायतों के आधार पर यह लैब की दूसरी जांच है।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेंद्र भायल, बीएमओ डॉ. अंतिम सोलंकी और जिला मीडिया अधिकारी प्रेम डेनियल सहित अधिकारियों की टीम ने लैब पहुंचकर दस्तावेजों, जांच संबंधी रिकॉर्ड, मशीनों और तकनीकी मानकों का बारीकी से परीक्षण किया। टीम ने मशीनों के रखरखाव एवं उनके संचालन की भी जांच की। सूत्रों के अनुसार मशीनों का मेंटेनेंस करने वाली कंपनी को भी नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे पहले भी तत्कालीन सीबीएमओ डॉ. एम.एल. चोपड़ा के निर्देश पर झकनावदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी के नेतृत्व में जांच दल ने लैब का निरीक्षण किया था।

ग्राम पंचायत अमरगढ़ के सरपंच पिंटू भूरिया का कहना है कि उन्होंने इस मामले में तीन बार जनसुनवाई के माध्यम से कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। पहली जांच के बाद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने दोबारा शिकायत की, जिसके बाद जिला स्तरीय टीम ने पुनः जांच की। इस दौरान जांच दल ने सरपंच के बयान भी दर्ज किए।

सरपंच पिंटू भूरिया ने मांग की है कि यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो पाटीदार पैथोलॉजी लैब को तत्काल सील कर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका आरोप है कि गलत जांच रिपोर्टों के कारण गरीब और जरूरतमंद मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जांच रिपोर्ट को दबाने या कार्रवाई में अनावश्यक विलंब करने का प्रयास किया गया तो वे पेटलावद स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर आमरण अनशन पर बैठेंगे। साथ ही मामले की शिकायत स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया, प्रभारी मंत्री कुँवर विजय शाह, स्वास्थ्य मंत्री, कमिश्नर तथा भोपाल स्तर तक करेंगे।

लगातार दो बार हुई जांच और तीन शिकायतों के बाद यह मामला प्रशासन के लिए भी गंभीर हो गया है। अब स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होगी। कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद यह माना जा रहा है कि मामले में कार्यवाई तय है।

मामले में मीडिया को जानकारी देते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेंद्र भायल ने बताया, “सरपंच पिंटू भूरिया की शिकायत के आधार पर पाटीदार पैथोलॉजी लैब पर आकस्मिक जांच की गई है। जांच के दौरान लैब के दस्तावेजों, रिकॉर्ड और मशीनों का निरीक्षण किया गया है। सभी तथ्यों की जांच कर नियमानुसार प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा तथा जो भी कार्रवाई बनती होगी, वह नियमानुसार की जाएगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.