अनुपस्थित शिक्षक पर नाराजगी, जर्जर भवन हटाने, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
खरडू बड़ी। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जिले के विभिन्न शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता एवं मध्याह्न भोजन व्यवस्था का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निरीक्षण की शुरुआत उत्कृष्ट प्राथमिक विद्यालय खरडू छोटी से की । विद्यालय में शिक्षक मोहम्मद शाह अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि खरडू छोटी में विद्यालय भवन जर्जर होने के कारण विद्यार्थियों को भवन के बाहर बैठाकर अध्ययन कराया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जर्जर भवन को डिस्मेंटल (ध्वस्त) करने की आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
