आलीराजपुर।  श्रद्धा और संकल्प के अद्भुत संगम का उदाहरण पेश करते हुए इंदौर के 67 वर्षीय नरेंद्र कसेरा इन दिनों साइकिल से देश के प्रमुख तीर्थों की लंबी यात्रा पर निकले हैं। 12 ज्योतिर्लिंग, चारधाम सहित अनेक प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की इस यात्रा के दौरान सोमवार को वे आलीराजपुर पहुंचे, जहां समाजजनों और स्थानीय नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

इंदौर के आदर्श इंद्रा नगर निवासी नरेंद्र कसेरा 16 जून को बड़े बप्पा एवं भगवान लक्ष्मी वेंकटेश का आशीर्वाद लेकर अपनी दूसरी अखिल भारतीय साइकिल तीर्थयात्रा पर निकले। यात्रा की शुरुआत उन्होंने प्रथम ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर के दर्शन से की और अब वे विभिन्न राज्यों में स्थित प्रमुख तीर्थस्थलों का भ्रमण करते हुए अंत में बाबा महाकालेश्वर के चरणों में पहुंचकर अपनी यात्रा का समापन करेंगे। पूरी यात्रा में लगभग सवा वर्ष का समय लगेगा।

यात्रा के दौरान वे नागेश्वर, सोमनाथ, केदारनाथ, काशी विश्वनाथ, वैद्यनाथ, श्रीशैलम मल्लिकार्जुन, रामेश्वरम, भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर, घृष्णेश्वर, ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर सहित सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करेंगे। इसके अलावा यमुनोत्री, गंगोत्री, बद्रीनाथ, जगन्नाथपुरी, नैमिषारण्य, अयोध्या, तिरुपति बालाजी, कन्याकुमारी, पद्मनाभस्वामी मंदिर और मीनाक्षी मंदिर सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा भी करेंगे।

नरेंद्र कसेरा ने बताया कि इससे पहले वे मार्च 2024 में भी इसी प्रकार की साइकिल तीर्थयात्रा पर निकले थे और करीब 14 महीने बाद लौटे थे। इसके अलावा वे अब तक मां नर्मदा की पांच बार परिक्रमा भी कर चुके हैं।

“भगवान ही सारी व्यवस्था कर देते हैं”

अपने अनुभव साझा करते हुए नरेंद्र कसेरा ने कहा कि पिछली यात्रा के दौरान वे केवल दिन में ही साइकिल चलाते थे और शाम होते ही रात्रि विश्राम के लिए मंदिर, मठ, आश्रम, पेट्रोल पंप या ढाबों पर रुक जाते थे। उनका कहना है कि “भगवान स्वयं सारी व्यवस्था कर देते हैं। कई बार जंगलों में भी मुझे गर्म-गर्म पराठे मिले। भोजन देने वाला व्यक्ति कब आया और कब चला गया, इसका पता ही नहीं चला। यह सब भगवान की कृपा है।”

आलीराजपुर में हुआ आत्मीय स्वागत

आलीराजपुर पहुंचने पर नरेंद्र कसेरा ने कसेरा समाज के सहयोग कॉलोनी निवासी ओम भाई कसेरा के यहां रात्रि विश्राम किया। मंगलवार को सहयोग कॉलोनी के नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर आशुतोष पंचोली परिवार, जोनी कसेरा, सुनीता कसेरा, गणपति गुप्ता, मोंटी भाई (राजपीपला) सहित अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

यात्रा का एक विशेष आकर्षण उनकी साइकिल भी है, जिसे शिवलिंग, बेलपत्र और तुलसी के पौधों की आकर्षक झांकी से सजाया गया है। श्रद्धा, सेवा और संकल्प का यह अनूठा संदेश जहां-जहां पहुंच रहा है, वहां लोगों को प्रेरित भी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *