फिरोज खान, आलीराजपुर सहकारिता से समृद्धि योजना के अंतर्गत सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित सदस्यता महाअभियान में आलीराजपुर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जिले को 5 हजार नवीन सदस्य जोड़ने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध 6 हजार 196 नए सदस्यों को सहकारिता से जोड़कर 124 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित की गई। जिला कलेक्टर श्रीमती नीतू माथूर के मार्गदर्शन में सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक झाबुआ/आलीराजपुर के संयुक्त तत्वावधान में 14 अप्रैल से विशेष सदस्यता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिले की सभी बी-पैक्स समितियों, उचित मूल्य दुकानों, ग्राम पंचायतों एवं सहकारी सप्ताह के दौरान व्यापक स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाए गए। जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक झाबुआ/आलीराजपुर के महाप्रबंधक आरज़ू इकबाल खान को प्रथम पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि में सहकारिता विभाग के उपायुक्त जी.एल. सोलंकी, बैंक के नोडल अधिकारी श्री हर्षवर्धन गुप्ता, जिले की समस्त बी-पैक्स समितियों, बैंक शाखाओं तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथूर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहकारी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता एवं उत्साह के साथ कार्य करते हुए सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने की अपेक्षा व्यक्त की। Post navigation अंतर-जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, गुजरात एवं इंदौर से चोरी किए गए 02 ट्रैक्टर एवं 05 मोटरसाइकिल बरामद 67 वर्षीय नरेंद्र कसेरा साइकिल से कर रहे 12 ज्योतिर्लिंग और चारधाम की दूसरी तीर्थयात्रा, आलीराजपुर पहुंचे