दिनेश वर्मा झाबुआ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 जुलाई को किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किए गए कार्यक्रमों की मंत्रालय में समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों का कल्याण राज्य सरकार का कर्तव्य है। खेती की लागत कम करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए गतिविधियों को प्राथमिकता पर लिया जाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया गया है। कृषकों के हित संवर्धन के लिए लागू कार्यक्रमों और योजनाओं का क्रियान्वयन मिशन मोड में किया जाए। किसानों से सीधे संवाद के लिए राजधानी से लेकर मैदानी स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने के लिए विशेष रूप से सहायक है। अतः किसानों को उन्नत नस्ल की गाय उपलब्ध कराने में निजी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाए। ग्रामीण स्तर पर इस तरह के केन्द्रों का अधिक से अधिक विस्तार हो।
