अंतर-जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, गुजरात एवं इंदौर से चोरी किए गए 02 ट्रैक्टर एवं 05 मोटरसाइकिल बरामद

0

आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक जिला आलीराजपुर रघुवंश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्‍योति उमठ बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जोबट  रविन्‍द्र राठी के पर्यवेक्षण में जिले में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम, चोरी गए वाहनों की बरामदगी एवं सक्रिय वाहन चोर गिरोहों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 02 जुलाई 2026 को थाना उदयगढ़ पुलिस की टीम नियमित रोड पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान बोरी फाटक क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जोबट रोड की ओर से एक व्यक्ति बिना नंबर की लाल रंग की यामाहा आर-15 (Yamaha R-15) मोटरसाइकिल लेकर उदयगढ़ की ओर आने वाला है, जो वाहन चोरी का होना बताया गया।

सूचना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए उदयगढ पुलिस टीम द्वारा तत्काल बोरी फाटक के समीप नाकाबंदी की गई। कुछ समय पश्चात मुखबिर के बताए अनुसार एक बिना नंबर की लाल रंग की यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम द्वारा रोककर चालक से नाम-पता एवं वाहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु कहा गया। प्रारंभ में चालक द्वारा अपना नाम-पता बताने में टालमटोल की गई, किन्तु पुलिस द्वारा की गई प्रभावी पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश पिता कमला बघेल, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम छारवी, चौकीदार फलिया, थाना उदयगढ़, जिला आलीराजपुर होना बताया।

आरोपी से वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहे जाने पर वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका तथा वाहन के संबंध में कोई संतोषजनक उत्तर भी नहीं दे पाया। संदेह होने पर मोटरसाइकिल का चेसिस नंबर ME1RG6733P0005491 एवं इंजन नंबर G3N4E0449556 पाया गया। प्रथम दृष्टया वाहन चोरी का होना प्रतीत होने पर मोटरसाइकिल को नियमानुसार जप्त कर आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ किए जाने पर उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गुजरात राज्य के डभोई एवं करजन क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से ट्रैक्टर एवं मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर ग्राम छोटी झिरी, चौहली एवं ग्राम छारवी सहित विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए कुल 02 ट्रैक्टर एवं 05 मोटरसाइकिल बरामद किए गए।

पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया कि—

• 03 मोटरसाइकिल एवं 02 ट्रैक्टर गुजरात राज्य के डभोई एवं करजन क्षेत्र से चोरी किए गए थे।

• 01 मोटरसाइकिल इंदौर क्षेत्र से चोरी की गई थी एवं

• 01 मोटरसाइकिल थाना आजादनगर क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में थाना आजादनगर में अपराध क्रमांक 284/2026 पंजीबद्ध है।

अन्य चोरी गए वाहनों एवं गिरोह के शेष सदस्यों के संबंध में पुलिस द्वारा विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।

बरामद मशरूका

• 02 ट्रैक्टर (अनुमानित मूल्य) : ₹15,00,000

• 05 मोटरसाइकिल (अनुमानित मूल्य) : ₹5,00,000

कुल बरामद मशरूका : लगभग ₹20,00,000 (बीस लाख रुपये)।

उक्त महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी उदयगढ़ पुलिस के निरीक्षक बृजभूषण हिरवे, उपनिरीक्षक पवन वास्केल, प्रधान आरक्षक क्रमांक 122 लेखराम अवचरे, प्रधान आरक्षक क्रमांक 330 आजाद चौहान, आरक्षक क्रमांक 184 आनंद, आरक्षक क्रमांक 467 दीपेश एवं आरक्षक क्रमांक 348 रितेंद्र साइबर टीम का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.