निर्माणाधीन पुल पर फंसे दो ट्रक, रतलाम-झाबुआ मार्ग कई घंटों से जाम; दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें, लोग बेहाल

0

शान ठाकुर, पेटलावद

रतलाम-झाबुआ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को उस समय यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया, जब ग्राम करवड़ और गंगाखेड़ी के बीच नागणेचा माता मंदिर के समीप निर्माणाधीन पुल पर दो भारी ट्रक फंस गए। ट्रकों के बीच मार्ग अवरुद्ध होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ो यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निर्माणाधीन पुल पर सीमित जगह होने के कारण दोनों ट्रक आमने-सामने फंस गए, जिसके बाद पूरे मार्ग पर यातायात ठप हो गया। देखते ही देखते कार, बस, ट्रक, सहित छोटे-बड़े वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कई लोग घंटों से जाम में फंसे रहने के कारण परेशान नजर आए। गर्मी और उमस के बीच छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि रतलाम-झाबुआ मार्ग क्षेत्र का सबसे व्यस्त मार्ग माना जाता है। इसी रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों मालवाहक वाहन, यात्री बसें और निजी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में निर्माणाधीन पुल पर यातायात प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से आए दिन अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग या यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था की जाती तो इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने तक यातायात संचालन के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। समाचार लिखे जाने तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी हुई थी और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी थीं। प्रशासन द्वारा यातायात सुचारू कराने के प्रयास जारी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.