झाबुआ । राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 में झाबुआ जिले ने सभी चुनौतियों को पार करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। 28 से 30 जून तक चले अभियान में जिले ने निर्धारित 2,13,504 बच्चों के लक्ष्य के मुकाबले 2,19,550 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर 102.8 प्रतिशत कवरेज प्राप्त किया। अभियान के पहले दिन जिलेभर के बूथों पर 1,05,431 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों का चिन्हांकन किया और उन्हें भी पोलियो की दवा पिलाई। इसी रणनीति के चलते जिला निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल करने में सफल रहा।
