इंजेक्शन लगने के बाद व्यक्ति की मौत, झोलाछाप चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप

0

शान ठाकुर, पेटलावद

जेसू वसुनिया निवासी मोइवागेली की उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक के भतीजे जीवन वसुनिया सहित अन्य परिजनों ने गांधी चौक स्थित एक कथित झोलाछाप चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार, जेसू वसुनिया हाथ-पैर में दर्द की शिकायत लेकर गांधी चौक स्थित एक निजी क्लीनिक पर उपचार कराने पहुंचे थे। आरोप है कि चिकित्सक ने उन्हें एक इंजेक्शन लगाया। इसके बाद जब वे क्लीनिक से बाहर निकले तो कुछ ही दूरी पर अचानक गिर पड़े। उन्हें संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन पेटलावद पहुंचे और कथित झोलाछाप चिकित्सक के क्लीनिक के बाहर शव रखकर कार्रवाई की मांग करते हुए बैठ गए। इस बीच आरोप है कि चिकित्सक मौके से फरार हो गया।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय साक्ष्यों और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों तथा जिम्मेदारी का खुलासा हो सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.