संस्कार पब्लिक स्कूल में साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूकता सेमिनार का आयोजन

0

थांदला। SDOP राजेश सुल्या, थाना प्रभारी अशोक कनेश और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के नितिन डामर के निर्देशन में बच्चों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने एवं डिजिटल दुनिया के प्रति जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली साइबर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।

सर्वप्रथम संस्था के प्राचार्य ललित कांकरिया ने समस्त अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया। तत्पश्चात SDOP सा. ने विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ आने वाली चुनौतियों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। सेमिनार में बच्चों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं मैसेज, अनजान लिंक पर क्लिक करने के खतरे, सोशल मीडिया पर गोपनीय जानकारी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड बनाने तथा साइबर शिष्टाचार के महत्व के बारे सूक्ष्मता से बताया।

थाना प्रभारी ने कहा कि सावधानी और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का उपयोग ज्ञान और विकास के लिए करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ साइबर सुरक्षा की जानकारी होना भी अत्यंत आवश्यक है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के नितिन डामर ने बच्चों से कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सतर्कता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। बच्चों को ऑनलाइन खेलों के बजाय मैदान में खेले जाने वाले खेलों को प्राथमिकता देना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.