पद्मावती नदी में मिला युवक का शव, पुल पर खड़ी मिली बुलेट और चप्पल 

0

लोहित झामर, मेघनगर

झाबुआ जिले के काकनवानी गांव में उस समय शोक की लहर फैल गई, जब 35 वर्षीय युवक रोहित पंचाल का शव बुधवार देर रात पाठ (पद्मावती) नदी में मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार रोहित पंचाल बुधवार शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे। हैरानी की बात यह रही कि वे अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। देर रात करीब 11:30 बजे पुलिस की गश्ती टीम पाठ (पद्मावती) नदी पुल से गुजर रही थी। इसी दौरान पुल पर एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने मौके की जांच की तो पुल पर चप्पल पड़ी मिली और नीचे नदी में एक युवक का शव दिखाई दिया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर जांच की। जांच में वाहन काकनवानी निवासी बाबूलाल पंचाल के नाम पर पंजीकृत पाया गया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन करीब 15 किलोमीटर दूर नागनवाट स्थित घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेघनगर अस्पताल भिजवाया। मृतक की पहचान रोहित पंचाल के रूप में हुई। रोहित अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.