दीपेश प्रजापति, झाबुआ
जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने मंगलवार को प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के पद का विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी प्रशासनिक आदेश के तहत डॉ. एम.एल. चोपड़ा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे पेटलावद में मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे और अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रबंधन एवं जनहितकारी कार्यों के लिए पहचाने जाते रहे हैं।
