शान ठाकुर, पेटलावद
ग्राम पंचायत सारंगी में शासकीय भूमि सर्वे नबर 1784/2 पर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटा दिए। तहसीलदार अनिल बघेल के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि पर टिन शेड निर्माण की तैयारियों के लिए लगाए गए एंगल और अन्य सामग्री को हटाया तथा अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी।
*शासकीय भूमि पर अतिक्रमण बर्दास्त नही : तहसीलदार*
तहसीलदार अनिल बघेल ने बताया कि उक्त भूमि पर पूर्व में भी अवैध रूप से एक टिन शेड का निर्माण किया गया था, जिस पर राजस्व विभाग द्वारा संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद लगातार शासकीय भूमि पर कब्जे के प्रयास किए जा रहे थे। इसी के चलते प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी अवैध निर्माण सामग्री को हटवा दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में यदि कोई भी व्यक्ति शासकीय भूमि पर कब्जा करने या अवैध निर्माण करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी भूमि संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्रवाई के दौरान सारंगी पुलिस चौकी प्रभारी दीपक देवर सहित पुलिस बल एवं राजस्व विभाग का अमला मौजूद रहा।
