आलीराजपुर। आलीराजपुर के लोकप्रिय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान एवं सांसद अनिता चौहान ने रविवार को आलीराजपुर नगर के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर देवदर्शन एवं विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में अच्छी वर्षा, किसानों की समृद्धि तथा जिला, प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, उन्नति और खुशहाली के लिए भगवान से प्रार्थना की।
इस दौरान मंत्री एवं सांसद ने नगर के विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से भी भेंट की। उन्होंने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर नागरिकों एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प और “आत्मनिर्भर भारत विजन-2047” के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए समाज के सभी वर्गों से इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई पहचान स्थापित की है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन चुका है और विश्व के अनेक बड़े देश तथा उनके शीर्ष नेता भारत की ओर आशा, विश्वास और साझेदारी की दृष्टि से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
