प्रशासनिक अमले और जनप्रतिनिधियों ने सूखी बावड़ियों में किया श्रमदान, दिया जल संरक्षण का संदेश

0

अमरसिंह वागुल, उदयगढ़

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत प्रशासनिक अमले ने अब सूखी और बंद पड़ी बावड़ियों के जीर्णोद्धार की ओर रुख किया है। इसी कड़ी में जोबट तहसील के विकासखंड उदयगढ़ के ग्राम बावड़ी खुर्द में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर श्रमदान किया और जल संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।

 

जल गंगा संवर्धन अभियान मुख्य रूप से वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और नदियों-तालाबों के पुनर्जीवन पर केंद्रित एक जन-भागीदारी आधारित महाभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य मंडराते जल संकट को कम करना और भविष्य के लिए जल स्रोतों को दीर्घकाल तक सुरक्षित रखना है।

अभियान के मुख्य उद्देश्य:

  • वर्षा जल संचयन: घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक भवनों में जल संरक्षण को बढ़ावा देना।

  • भूजल स्तर में सुधार: सोखता गड्ढा, कुआं रिचार्ज और चेक डैम के माध्यम से भूजल का पुनर्भरण करना।

  • नदियों और तालाबों का संरक्षण: जलाशयों की सफाई, गहरीकरण करना और वहां से अतिक्रमण हटाना।

  • जन जागरूकता और जनभागीदारी: ग्राम पंचायत, समाजसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ना।

श्रमदान में इन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने की भागीदारी

ग्राम बावड़ी खुर्द में आयोजित इस श्रमदान कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (SDM) वीरेंद्र सिंह बघेल, नायब तहसीलदार, पटवारी सहित पूरा राजस्व अमला मौजूद रहा। इनके साथ जनपद पंचायत सीईओ माया बारिया, पंचायत सचिवों की टीम, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अनुविभागीय अधिकारी हेमंत बरड़े, कृषि विस्तार अधिकारी रेखा भूरिया, उद्यानिकी अधिकारी मुकेश चांगोड़, महिला बाल विकास अधिकारी राजेश निनामा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुविभागीय अधिकारी संजय मुकाती और पशु चिकित्सा अधिकारी राजेंद्र डामोर ने अपनी पूरी टीम के साथ सहयोग किया।

इस पुनीत कार्य में जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मांगीलाल चौहान, जिला महामंत्री राजू मुवेल, भाजपा नेता कमरू अजनार, जनपद पंचायत अध्यक्ष विद्या नलवाया, मंडल अध्यक्ष जीतू गुजराती, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि कन्हैया लाल नलवाया, जनपद सदस्य प्रकाश जमरा, जनपद सदस्य प्रतिनिधि केरम मुवेल, ग्राम सरपंच चंदरसिंह मुवेल और राजेंद्र अजनार उपस्थित रहे। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री पान सिंह मावी, मोहनसिंह, इंदरसिंह, जगदीश और जन अभियान परिषद के छात्र-छात्राओं ने भी अभियान में अपना सराहनीय सहयोग प्रदान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.