चार दिवसीय भगवान विश्वकर्मा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन हुआ

0

बुरहान बंगड़वाला, खरडू बड़ी

झाबुआ जिले के ग्राम खरडू बड़ी में आयोजित चार दिवसीय भगवान  विश्वकर्मा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुक्रवार को भक्तिमय वातावरण में भव्य समापन हुआ। भगवान विश्वकर्मा मंदिर के गर्भगृह में मूर्ति स्थापना, शिखर पर धर्मध्वज एवं कीर्ति स्तंभ पर ध्वजारोहण के साथ महाआरती संपन्न हुई। इसके पश्चात विशाल महाप्रसादी एवं महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

समापन समारोह में  मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली से पधारे राष्ट्रीय अध्यक्ष  यशपाल पंचाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम को पीपलखूँटा धाम हनुमंत आश्रम के महंत दयाराम दास महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री  मदनलाल पंचाल (कुंदनपुर), भगोरिया पंचाल समाज अध्यक्ष  जगदीश पांचाल अशोक  पवार बाग ,  कांतिलाल पंचाल (डूंगरा),  जगदीश पंचाल (काकनवानी), जयप्रकाश रणछोड़ (रभापुर), सुरेश भाई (मेघनगर),  हीरालाल पंचाल (कल्याणपुर), उमेश पंचाल (कुंदनपुर) तथा  राजेश पंचाल (दाहोद) सहित मध्य प्रदेश, गुजरात एवं राजस्थान से बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

तीनों राज्यों से आए अतिथियों का पंचाल समाज खरडू बड़ी द्वारा माला एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समिति में आशीष पंचाल,  ईश्वरलाल पंचाल, हीरालाल पंचाल, राजेंद्र पंचाल,  मनोज पंचाल,  धर्मेंद्र पंचाल एवं युवा टीम एवं मातृशक्ति द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

चार दिवसीय महारुद्र नवकुंडी यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ भगवान  विश्वकर्मा की प्रतिमा गर्भगृह में स्थापित की गई। मंदिर शिखर एवं धर्मदंड की स्थापना  वरदीचंद पंचाल द्वारा की गई। ध्वजदंड एवं कीर्ति स्तंभ पर ध्वजारोहण मदनलाल पंचाल कुंदनपुर के द्वारासे संपन्न हुआ। महाआरती के लाभार्थी  प्रवीण पंचाल एवं  वरदीचंद पंचाल रहे, जिन्होंने प्रथम आरती का लाभ लिया।

चार दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में शोभायात्रा, महारुद्र यज्ञ, भजन संध्या एवं अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन  राजेंद्र कन्हैयालाल पंचाल ने किया। पंचाल समाज खरडू बड़ी ने आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए संत समाज, तीनों राज्यों से पधारे समाजजनों तथा समस्त धर्मप्रेमी जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.