अमरसिंह बागुल, उदयगढ़
नगर में थाने के समीप और 12 क्वार्टर के सामने दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन हादसे हो रहे हैं। व्यापारी अपना व्यवसाय बढ़ाने के चक्कर में अपनी दुकानों का सामान सड़क तक सजा रहे हैं।
दुकानदार सड़क के किनारे अतिक्रमण कर ठेला गाड़ियों पर सामग्री और अन्य सामान सड़क तक बिछाकर व्यापार कर रहे हैं। इसके चलते रास्ता अत्यंत संकरा हो गया है और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अक्सर आमने-सामने से वाहन आने पर जाम की स्थिति बन जाती है। गाड़ियां निकालने के चक्कर में आपस में रगड़ खा जाती हैं, जिससे खरोंचें आने के कारण वाहन मालिकों का भारी आर्थिक नुकसान होता है। शादियों के इस सीजन में सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है, लेकिन व्यापारी केवल अपने मुनाफे के लिए आम जनता की परेशानी को नजरअंदाज कर रहे हैं।
