जितेंद्र वर्मा, जोबट इंदौर के नेहरू स्टेडियम में 11-12 अप्रैल 2026 को आयोजित संभाग स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जोबट के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में जोबट के 12 बालक-बालिकाओं ने भाग लेकर 07 स्वर्ण, 04 रजत और 01 कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में दक्ष भामदरे ने 22 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही ‘बेस्ट बॉक्सर’ का खिताब भी हासिल किया। यह सम्मान उन्हें सेवानिवृत्त डीआईजी धर्मेन्द्र चौधरी द्वारा प्रदान किया गया। अन्य स्वर्ण पदक विजेताओं में पर्व राठौड़ (24 किग्रा), पुष्पेन्द्र अजनार (33 किग्रा), मीत भामदरे (35 किग्रा), तनुश भामदरे (40 किग्रा), नक्ष यादव (50 किग्रा) और निशा आसोरिया (65 किग्रा) शामिल रहे। वहीं रुचिता नागर, दुर्गेश बघेल, राज रावत और जय बघेल ने रजत पदक जीते, जबकि आरव राठौड़ ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर जोबट टीम ने सब-जूनियर कप क्लास टीम चैंपियनशिप भी अपने नाम की, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रविन्द्र सिंह राठी का विशेष योगदान रहा, जिनके प्रयासों से जोबट में बॉक्सिंग रिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही कोच महेश भामदरे द्वारा नियमित प्रशिक्षण देकर खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जा रहा है। जिला खेल अधिकारी संतरा निनामा के नेतृत्व में खिलाड़ियों को खेल सामग्री और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे आदिवासी अंचल के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर एसडीओपी रविन्द्र सिंह राठी, पूर्व एसडीओपी नीरज नामदेव, थाना प्रभारी विजय वास्कले, निर्भयसिंह भुरिया सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों और स्टाफ ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। Post navigation TET की अनिवार्यता हटाने की मांग पर जोबट में शिक्षकों का उग्र प्रदर्शन, रैली निकाल सौंपा ज्ञापन आपत्तिजनक टिप्पणी पर भड़का समाज, थाने पहुंचा जनसैलाब, सख्त कार्रवाई की मांग