स्कॉर्पियो की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की बड़वानी में मौत

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

जोबट के दाल मिल क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन द्वारा किए गए गंभीर हादसे में एक दुखद खबर सामने आई है। लापरवाहीपूर्वक चलाए जा रहे इस वाहन की जोरदार टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने बड़वानी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दाल मिल क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो चालक ने बेहद तेज गति से वाहन चलाते हुए राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया था। वाहन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक व्यक्ति उछलकर काफी दूर जा गिरा। मृतक की पहचान किसन पिता गुलसिंह (निवासी नेहतड़ा) के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय निवासी राजेश डूडवे और सचिन सोलंकी के सहयोग से गंभीर रूप से घायल किसन को तुरंत अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बड़वानी रेफर कर दिया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक, इस अंधाधुंध ड्राइविंग की चपेट में आकर कमल नामक एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसे मामूली चोटें आई हैं। इस पूरी घटना का दृश्य वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि स्कॉर्पियो वाहन तेज रफ्तार में क्षेत्र में प्रवेश करता है और अचानक सामने आए लोगों को जोरदार टक्कर मारते हुए आगे निकल जाता है।

वाहन जब्त, फरार चालक की तलाश तेज

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो वाहन (नंबर MP69C0520) को उसके मालिक मगन डावर निवासी खट्‌टाली रोड डाक बंगले के सामने जोबट के घर से जब्त कर लिया है। हालांकि, घटना के बाद से ही वाहन चालक मौके से फरार है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए सघन प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.