बैतूल-अहमदाबाद हाईवे पर पलटा केमिकल से भरा टैंकर, डीजल समझकर लूटने मची होड़

0

भूपेंद्र नायक, पिटोल

बैतूल-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, लेकिन इसके बाद जो नज़ारा दिखा वह बेहद हैरान करने वाला था। एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में केमिकल से भरा एक भारी टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और दो हिस्सों में टूटकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से तरल पदार्थ (केमिकल) का रिसाव होने लगा, जिसे आसपास के ग्रामीण डीजल समझकर लूटने लगे। इस घटना और लूटपाट के कारण हाईवे पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

यह घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। गुजरात के गांधीधाम से मेघनगर की एक केमिकल फैक्ट्री में जा रहा टैंकर (क्रमांक GJ 12 BV 8615) हाईवे से गुजर रहा था। तभी अचानक आए एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। टैंकर सीधे डिवाइडर से टकराया और पलट गया, जिससे वह दो हिस्सों में टूट गया।

ड्राइवर की चेतावनी के बाद भी नहीं माने ग्रामीण

टैंकर पलटने के तुरंत बाद उसमें भरा तरल पदार्थ सड़क पर बहने लगा। रिसाव देखते ही सड़क के आसपास रहने वाले ग्रामीण (महिलाएं, पुरुष और बच्चे) बर्तन लेकर दौड़ पड़े और तरल पदार्थ को भरने की होड़ मच गई।

हादसे में घायल हुए टैंकर के ड्राइवर अजीत कुमार (निवासी उत्तर प्रदेश) और उनके साथ चल रहे उसी कंपनी के अन्य टैंकर चालकों ने ग्रामीणों को बार-बार चेतावनी दी। उन्होंने चीख-चीख कर बताया कि टैंकर में भरा पदार्थ डीजल नहीं, बल्कि एक केमिकल है। इसके बावजूद ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी और पुलिस के आने तक बर्तनों में भरकर केमिकल ले जाते रहे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, खुलवाया जाम 

सड़क के बीचों-बीच टैंकर पलटने और ग्रामीणों की भीड़ जमा होने के कारण हाईवे पर एक से डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी अशोक बघेल ने तुरंत अपने स्टाफ के प्रधान आरक्षक दिलीप डावर, आरक्षक अशरफ खान और आरक्षक अजीत को मौके पर भेजा।

पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सबसे पहले केमिकल लूट रहे ग्रामीणों को वहां से खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद पुलिस ने यातायात को एक तरफ डायवर्ट कर फंसे हुए वाहनों को निकलवाया और जाम खुलवाया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.